देहाती हवा में साँस ऐसे आई
जैसे तवे पर रोटी आती है। या
चूल्हे पर तवा आता है। किंतु, वे
नगर से देहात की ओर ऐसे नहीं आए
जैसे कोई श्रमिक
कोई किसान
साँझ के समय अपने औज़ार उठाए
थकी हुई देह को हाँकता आता है।
जैसे खेतों से
खदानों से
घर लौटते श्रमिक को
किसान को
अँधेरा हो जाता है कि
सारे औज़ार धर लेने के उपरांत भी
तवे पर रोटी आती नहीं दिखाई देती। या
चूल्हे पर तवा आता नहीं दिखाई देता।
वे नगर से देहात की ओर ऐसे आए
जैसे कोई नगर से देहात की ओर आता है।








