पिछले की रस्सी पर टँगे अगले के वस्त्र में से,
समय की गर्मी से सूखती नमी है वर्तमान
वर्तमान वह जगह नहीं जहाँ रहा जा सके—
यह कहने वाले व्यक्ति के चले जाने के बाद उसकी छूट गई जगह में
सूख चुका वस्त्र पहनकर खड़ा हुआ मैं
उसके आने का इंतज़ार कर रहा हूँ जिसका वर्तमान उसे
शहर की उस सबसे सुंदर जगह पर ले गया होगा जहाँ वर्तमान सबसे सुंदर है
इस समय जाने मुझमें प्रेम की ऊर्जा है
या किसी महान प्रेरणा की
पर निश्चय ही यह वर्तमान है
और वर्तमान वह जगह नहीं जहाँ रहा जाए—
ऐसा कहने वाले व्यक्ति की ख़ाली जगह पर खड़ा हुआ मैं कमबख़्त।








