अपूरणीय

अमन त्रिपाठीअमन त्रिपाठी2 Dec 1997

1 min read · 12.4K reads

रेलगाड़ियों की घोषणा में

जितनी बार भी तुम्हारे शहर का नाम आता है

मैं सोचता हूँ, क्या ऐसा नहीं हो सकता

कि हर रेलगाड़ी तुम्हारे ही शहर को जाए

और मैं कहीं भी जाऊँ

तुम्हारे शहर ही पहुँचूँ

लेकिन इस तरह तो उस पर अचानक

एक बहुत अविश्वस्त भीड़ भी टूट पड़ेगी

मैं उस शहर से बहुत प्यार करता हूँ

और जानता हूँ कि उस शहर की भी

तुम्हारी तरह अपनी ढेर सारी दिक़्क़तें हैं

यह मैं कभी नहीं चाहूँगा

कि मेरी एक रूमानी-सी इच्छा की वजह से

तुम दोनों की परेशानियाँ और बढ़ जाएँ

लेकिन ज़रा सोचो तो

तुम्हारे शहर से मेरे शहर को भी

कई रेलगाड़ियाँ चलती हैं

और मैं समझता हूँ कि ऐसी उन्मादी इच्छा

तुम नहीं करोगी कि इस समय की सारी रेलगाड़ियाँ

मेरे ही शहर को आने लगें

अगर तुम उनमें से किसी एक में भी बैठकर

आ सको मेरे शहर

तो कितनी ख़ुशी फैल जाएगी चारों ओर

कितनी शांति कितनी तरलता कितनी स्निग्धता

देखो न! अगर तुम आ जाओ

एक बार को भी मेरे शहर…

कितनी समृद्धि!

अमन त्रिपाठी
About the poet

अमन त्रिपाठी

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक। मूल नाम : अमन त्रिपाठी जन्म : 02/12/1997 | देवरिया, उत्तर प्रदेश

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like