तुम मेरा दिल कि मेरी जाँ लोगे - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

3 min read · 12.4K reads

तुम मेरा दिल कि मेरी जाँ लोगे
ये ज़मीं या वो आसमाँ लोगे

दिल मेरा अब कहीं नहीं लगता
और तुम कितने इम्तिहाँ लोगे

मुझको सजदे में तुम ही दिखते हो
और क्या मेरे दो जहाँ लोगे

जिनपे मुझको बड़ा यक़ीन रहा
मुझसे वापस वो सब गुमाँ लोगे

चुक गया तेल रह गयी बाती
बुझ गयी शमा तो धुआँ लोगे

मंज़िलों पर पहुँच गये सब लोग
अब कहाँ गर्दे-कारवाँ लोगे

सारा गुलशन तो दे दिया आलोक
अब भला क्या ये आशियाँ लोगे

सितम्बर 2013
गर्दे-कारवाँ - कारवां की धूल
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like