हालात की तस्वीर बदल जाए तो अच्छा - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

4 min read · 12.4K reads

हालात की तस्वीर बदल जाए तो अच्छा
हाकिम जो मेरा ख़ुद ही सँभल जाए तो अच्छा

ये उसका अहं प्यार में ढल जाए तो अच्छा
रस्सी तो जली बल भी निकल जाए तो अच्छा

भड़के अभी कुछ और यूँ ही क्रांति की ज्वाला
कुछ देर अभी फ़ैसला टल जाए तो अच्छा

आँधी में जो इक दीप जलाया है किसी ने
बेकार न ये उसकी पहल जाए तो अच्छा

फट जाएँ न संताप से ये तन की शिराएँ
आँखों से लहू बन के निकल जाए तो अच्छा

अन्याय ने भर दी है बहुत आग दिलों में
लंका ही कहीं इसमें जो जल जाए तो अच्छा

तारीख़ पे तारीख़ बदल दे न गवाही
मुंसिफ़ ही अदालत का बदल जाए तो अच्छा

खुल जाएगा सब इसके हर इक शे’र में क्या है
लोगों में न ये मेरी ग़ज़ल जाए तो अच्छा

सम्बन्ध निभाने को है संवाद ज़रूरी
आलोक अगर बर्फ़ पिघल जाए तो अच्छा
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like