एक दिन घर की दीवार पर
सरकारी नोटिस की तरह
बिजली का चमचमाता मीटर
लगा दिया जाता है
बिजली का मीटर
सरकारी फ़ाइलों की तरह
घंटे दर घंटे रोशनी के बदले
नए-नए आँकड़े दिखाता है
एक दिन आँकड़ों से तंग आकर
मैंने बिजली के मीटर से पूछा :
सुनो सरकारी दफ़्तर से आए दोस्त,
कुछ बच्चे
लैंपपोस्ट के नीचे
मद्धिम उजाले में
किताब के पन्ने पलट रहे हैं
वो तुम्हारी रोशनी की क़ीमत नहीं चुका सकते
उनके टूटते ख़्वाब का हिसाब कौन देगा?
इतना सुनते ही बिजली का मीटर
अपने सरकारी हाकिम की तरह
चुप्पी साध लेता है
और मैं भी
भाँप लेता हूँ कि
जिस मुल्क में
रोशनी तिजारत हो
वहाँ आँखों में फैले
घुप्प अँधेरे का हिसाब माँगना
'राजद्रोह' है...








