बंदूक़ों से
लैस सिपाही
लाते हैं बेंत से मारते हुए
चोरी के इल्ज़ाम में
एक आदमी को
मुखिया के सामने
और दारोग़ा जी
लतियाते हुए कहते हैं :
साला हरामी
'चोरी-चमारी' करता है
अब चमार
सिर्फ़ चमड़े का काम
नहीं करता था
और ना ही वो सिर्फ़
छोटी जाति का था
वो धीरे-धीरे
बन गया था
इतिहास का
सबसे बड़ा चोर और लुटेरा।








