मैंने एक औरत को सुना
पति के लिए मर जाने से
अच्छा कुछ नहीं होता
मैंने एक सैनिक को सुना
देश के लिए मर जाने से
अच्छा कुछ नहीं होता
औरत और सैनिक की लाश पर
ज़िंदा देश और समाज की
मर्यादा और वीरता की तलहटी में
जब एक औरत के वजूद
और सरहद पर पड़ी सैनिक की
लाश की पड़ताल की जाएगी
उस दिन देश
और समाज के नाम पर
मानव इतिहास की
सबसे निर्मम हत्या सामने आएगी...








