हफ़्तों उनसे मिले हो गए - अल्हड़ बीकानेरी

अल्हड़ बीकानेरीअल्हड़ बीकानेरी17 Sept 1937 – 17 Sept 2009

2 min read · 12.4K reads

हफ़्तों उनसे मिले हो गए
विरह में पिलपिले हो गए।

सदके जूड़ों की ऊँचाईयाँ
सर कई मंजिलें हो गए।

डाकिए से ‘लव’ उनका हुआ
खत हमारे ‘डिले’ हो गए।

परसों शादी हुई, कल तलाक
क्या अजब सिलसिले हो गए।

उनके वादों के ऊँचे महल
क्या हवाई किले हो गए।

नौकरी रेडियो की मिली
गीत उनके ‘रिले’ हो गए।

हाशिये पर छपी जब ग़ज़ल
दूर शिकवे-गिले हो गए।
अल्हड़ बीकानेरी
About the poet

अल्हड़ बीकानेरी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like