पिता

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

पिता कभी नही गए मॉल में पिक्चर देखने

एक बार गए भी तो

चुरमुरहा कुर्ता और प्लास्टिक का जूता पहनकर

अँग्रेज़ी न आने वाली शक्ल भी साथ ले गए थे

लिहाज़ा ख़ुद पिक्चर हो गए

कई लोगों ने उनकी हिक़ारती समीक्षा की

और नहीं माना आदमी

पिता की रेटिंग तो दूर की कौड़ी माने।

दालान से लेकर गन्ना मिल के काँटे तक

जो खैनी हमेशा साथ रही

जिसे वह अशर्फ़ी की तरह छिपाकर रखते थे

पेट के ऊपर बनी तिकोनी जेब में

मॉल के दुआरे पर ही छीन ली गई

माया के इंद्रप्रस्थ में निहत्थे ही घुसे पिता।

फ़र्श उनकी पीठ से ज़्यादा मुलायम था

माटी सानने के अभ्यस्त पाँव रपटने को ही थे

कि तलाशने लगे कोई टेक

अजीब जगह है यह

दूर-दूर तक कोई आधार ही नहीं दिखता

फिर खिखिआए कि

मॉल में बाढ़ नहीं आती जो

हर दो हाथ पर बल्ली लगाई जाएँ।

रंगीन मछलियों की तैरन देखी पर

रोहू, मांगुर नहीं कर पाए

ठंड में खोजने लगे गुनगुनाती धूप

हर पाँच मिनट में पोंछ ही लेते गमछे से मुँह

पसीना कहीं नहीं था पूरी देह में

पर उसकी आदत हर जगह थी।

भूख लगी तो थाली नही गदौरी देखने लगे पिता

ऐसी मंडी वह अब तक नहीं देख पाए थे

भुने मक्के का दाम नहीं बताएँगे किसी को

वरना पूरा ज्वार बोने लगेगा भुट्टा।

मॉल के अंदर का दृश्य इतना उलट था

खेत के दृश्य से

कि बिना स्क्रीन में गए पलट कर बाहर भागे पिता

मैंने रोकने की कोशिश की

पर वह उस कोशिश की तासीर समझते थे सो

नहीं रुके।

पिता जीवन भर खेत, खैनी और चिन्नी में ही रहे

मॉल में गुज़ारे समय को वह अपनी उम्र में नहीं गिनते।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

Couplets by Pratap Somvanshiअपने भीतर है जो इंसान बचाकर रखनाअपनी मिट्टी की ये पहचान बचाकर रखना— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीज़िंदा हैं कितने लोग दवा के बग़ैर भी— मुनव्वर रानामेरे गाँव के कुत्तेएकदुआर पर बैठे नंगे बच्चे से— ऐश्वर्य राजआओ मिलकर बद्दुआ करेंदुनिया का कोई क़ानून बद्दुआओं के लिए किसी को रोक नहीं सकता।इसलिए आओ सब मिल कर बद्दुआ करें कि— फ़रीद ख़ाँनज़्र-ए-योगेश प्रवीन नज़्र-ए-लखनऊलखनऊ मेरे वतन! ये तुझको आख़िर क्या हुआतेरा चेहरा दिख रहा है दर्द में डूबा हुआ— हिमांशु बाजपेयी