आमेर के सूरज पोल से कुमारी सखियाँ उतर रही हैं—
अरावली की नातिनें
ये चली हैं जलमहल की ओर
किसी सारस जोड़े को ढूँढ़ने
ऊँटों ने इन्हें राह में मुँह बिराया
जोगी-बाना में घूम रहे एक आदमी ने इन्हें ठगना चाहा
सारंगी इनकी सहचरी थी
उसने सच-सच कह दिया
ओ कुमारियो!
लौट जाओ महल और अरावली की साँस में बज रहे
उन आदिम क़िस्सों को सुनो
जिनमें कठपुतलियों के दुगमुग सिरों को काट दिया गया है
हर शै को खिलौनों की ही तरह खेलकर तोड़ दिया गया है
पीछे उड़ाई है धूल आगे की ओर चलती बरातों ने
सुस्ता रहे, उस बूढ़े अरावली से पूछो
कि उसकी देह के रोमों से पसीना क्यों नहीं आता?
वह क्यों सो गया है
किसी गादर बैल की तरह
दिल्ली के हुक्मराँ अब उसकी पेशी नहीं करते
नहीं लेते उससे बेगार कोई
फिर किस तीर का मारा हुआ वह धराशायी-सा पड़ा है।








