नीला पक्षी नहीं
तो शमी का झंखाड़ समझकर ही
देखो,
मगर मुझे देखो।
दो तिहाई चाँद से ओस बरस रही हो
तो तिथि का निश्चय न करो
हाथ पकड़ो
आओ, साथ-साथ पारण करो
जीवनव्रती वृत्ति में।
धान के दूध मरक रहे हों
और संझा चंचल हो गई हो
तो नगारख़ाने पर इंतज़ार न करो
ढिबरी की परछाईं में मिलो
आओ, उजाले को पसार दो।
मिट्टी की नमी ठिठुरे होंठों की तरह हो
तो कोई शुभ विचार न करो
जड़ों का मोह छोड़ो खलिहान में पहुँचो
दाँवरि करो
आओ, कुवार की बखरी को अन्न दो।
तन को आसमान छूना शुरू कर दे
तो भेड़ों की देह से ऊन मत उतारो
उन्हें जल्दी घर हाँक दो
शकरकंद की लता का झामड़ देखो
मेरा दम फूल गया
आओ अब तुम, फूँकनी फूँको।








