यौवन

अजीत रायज़ादाअजीत रायज़ादा17 Aug 1947

1 min read · 12.4K reads

मुझे दिख गया वह

कल चौराहे पर

भरी दुपहरी में

झिझका, ठिठका

दिग्भ्रमित-सा खड़ा

सड़क पार करने की

कोशिश करता हुआ

मैंने पीछे से

कंधे पर हाथ रखकर

पूछा आत्मीयता से

भाई, नए आए हो

जाना कहाँ है

कोई पता हो तो बताओ

मैं करूँ सहायता ढूँढ़ने में

चौंक कर बोला वह

क्यों करना चाहते हो

तुम मेरी मदद

मैं तो खड़ा हूँ यहाँ

न जाने कब से

अब तक तो लोग

बस गुज़रते गए हैं

मुझे देखते हुए मुस्कुरा कर

मालूम नहीं मुझको स्वयं

मैं यहाँ आया कब और कहाँ से

समय ने लाकर

छोड़ दिया मुझे इस चौराहे पर

लेकिन तुम कौन हो

यूँ मुझसे पूछते मेरा हाल?

शांत भाव से

उत्तर दिया मैंने

मैं हूँ तुम्हारा बचपन

जिसे ढूँढ़ने खड़े हो तुम यहाँ।

इससे पहले

कि वह पकड़ पाता

मेरा हाथ

मैं तेज़ी से लपक कर

जीवन के महानगर की

अपार भीड़ में

खो गया!

अजीत रायज़ादा
About the poet

अजीत रायज़ादा

सुपरिचित कवि-लेखक और प्रशासनिक अधिकारी। एक से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। 'हाशिए पर आदमी' उल्लेखनीय कविता-संग्रह। मूल नाम : अजीत रायज़ादा जन्म : 17/08/1947 | सीतापुर, उत्तर प्रदेश अजीत रायज़ादा का जन्म 17 सितंबर 1947 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हुआ। उन्होंने स…

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like