क़ैद हूँ
एक तहख़ाने में
जहाँ न तो खिड़कियाँ हैं
न रोशनदान :
चारों तरफ़ तैनात
एक घुप्प अँधेरा
जैसे पहरेदार।
कैसे पहुँचा यहाँ
मालूम नहीं
धुँधली-सी याद भर है
कि एक ख़ुशनुमा सुबह
जब बतिया रहा था मैं
सूरज की पहली किरन से
और वह कर रही थी
अगले दिन
फिर आने का वादा
तभी अचानक
पकड़ लिया गया मुझे
और मैंने ख़ुद को
खड़ा पाया एक कटघरे में।
चलाया गया मुझ पर
बंद अदालत में मुक़दमा
और
सुनाया फ़ैसला
काला कोट पहने
एक नक़ाबपोश ने
जिसने पहले की बहस
मेरे ख़िलाफ़
और फिर जा बैठा
जज की कुर्सी पर।
जुर्म : सूरज की किरन को बरगलाना
सज़ा : आजन्म कारावास
तभी से
बंद हूँ यहू
लौट आती हैं
मेरी चीख़ें टकरा कर
बहरी दीवारों से
भर दिया है
पिघला सीसा कानों में
साँय-साँय करते सन्नाटे में
और अँधेरा देखते-देखते
अंधी हो गई हैं आँखें।
फिर भी
मारता हूँ फिर दीवारों से
और पुकारता हूँ तुम्हें बार-बार
ताकि तुम सुन सको
मेरी आवाज़
और शायद बच सको
मेरी तरह क़ैद होने से
तहख़ाने में!








