गिरा था जहाँ
उसका ख़ून
उस जगह की मिट्टी
हो गई है शस्य श्यामला
उसके रक्तबीज से
उग आया है वहाँ
सरसों का एक पौधा
जिसका रंग बसंती है
धरती की कोख से
और और निकलने वाले है
कितने ही फूल
क्योंकि
धरती नहीं होती कभी बाँझ
और फूल
कभी मरता नहीं
अनंत काल से
चलता आया है
यही सिलसिला
बीज-फूल, फूल-बीज, बीज-फूल...
वक्र नहीं होगी
किसी के जुनून से
इस देश की भाग्य-रेखा
न ही बँटेगा राष्ट्र
टुकड़ों में
क्योंकि बलिदानी बीज़ों से
खिलते ही रहेंगे
बसंती चोले वाले
सरसों के फूल
भारत माँ की बगिया में
सदैव।








