मौत के आग़ोश में एक शहर

अजीत रायज़ादाअजीत रायज़ादा17 Aug 1947

1 min read · 12.4K reads

उस रात

परेशान-हाल फ़ैक्टरी ने

आख़िरकार

कर ही लिया इरादा :

बस बहुत हो गया

पी रही हूँ

अपने जन्म से ही

जो ज़हर

गला दिया है उसने

मेरी आँखों को

तिल-तिल कर मैं

घुलती हुई क्यों मरूँ

अकेली ही

आदमी को भी चलना चाहिए पता

जीते जी मर जाने का

अर्थ।

धीरे से उसने

कर दी उल्टी ज़हर भरी

लेकिन सड़क पर नहीं—आसमान पर :

मुर्दे से पड़े

सोते हुए शहर को

कानोकान ख़बर तक न हुई

कि उसके हिस्से का आकाश

भर गया है

फ़ैक्टरी के विष-वमन से।

जब

हवा में घुला ज़हर

घुस कर

नाक, आँख, गले में चुपचाप

करने लगा खिलवाड़

फेफड़ों और ख़ून से

तो दम घुटते हुए

दहशतज़दा आदमी को लगा कि

कोई आहिस्ता-आहिस्ता

दबा रहा है

उसका गला।

बदहवासी में इधर-उधर

बेमतलब भागते हुए लोगों ने

सिर पर उठा लिया

पूरा शहर।

ज़हरीली गैस का शिकंजा

ऑक्टोपस की तरह

चला ही गया कसता

और

ताज़ी हवा को छटपटाते लोग

(जो ज़्यादातर अधमरे ही होते हैं)

इस बार पूरी तरह से

मर गए।

अजीत रायज़ादा
About the poet

अजीत रायज़ादा

सुपरिचित कवि-लेखक और प्रशासनिक अधिकारी। एक से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। 'हाशिए पर आदमी' उल्लेखनीय कविता-संग्रह। मूल नाम : अजीत रायज़ादा जन्म : 17/08/1947 | सीतापुर, उत्तर प्रदेश अजीत रायज़ादा का जन्म 17 सितंबर 1947 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हुआ। उन्होंने स…

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like