वह
टूटी कमानी के
मोटे काँच वाले चश्मे से
मोतियाबिंद भरी आँखों पर
ज़ोर डालता हुआ
देख रहा था लगातार
मेरी ही ओर
उसको अनदेखा करते हुए
मैंने सँभाली अपनी साइकिल
बबलगम का
ग़ुब्बारा फलाता हुआ
बच्चों की सीट पर बैठा छोटू
बार-बार घंटी बजा कर
हो रहा था उतावला
बाज़ार से ख़रीदी फिरकनी
घुमाते हुए
घर पहुँचने की जल्दी में
ज़ोर से गला खखार कर
फ़ुटपाथ पर उसने
बलग़म को थूका
और काँपते हाथों से
अपनी छड़ी टिकाते हुए
लगभग घिसटता-सा
मेरे पास आकर बोला—
लगता है
पहले भी कहीं देखा है तुम्हें
आवाज़ भी पहचानी सी
लगती है तुम्हारी
पर कर नहीं पा रहा याद
तुम्हारा नाम
मैंने
घूर कर देखा उसकी ओर
और बिना उत्तर दिए
पैडल पर ज़ोर देकर
साइकिल आगे बढ़ा दी
पहचान तो गया था मैं
उसको देखते ही
पर उससे बातचीत
नहीं करना चाहता था।








