अगर मिल जाए कभी तो
करनी हैं मुझको
अपने बचपन से कुछ बातें
पूछूँगा उससे
क्यों छोड़ गया मुझे
यूँ चुपचाप अकेला
चाहता था मैं तो
बस खेलना उसके साथ।
बिना बताए एक दिन
निकल गया वह घर से
और लौटा नहीं आज तक
न ही दी कोई ख़बर
अपनी राज़ी-ख़ुशी की
अख़बारों में दिया
‘गुमशुदा की तलाश’ का विज्ञापन
रह गया अनुत्तरित
कइयों ने पूछा भी उसका हुलिया
मेरे पास था ही नहीं
उसका कोई फ़ोटो
मैं क्या जवाब देता?
बचपन को
आता ही नहीं था अख़बार पढ़ना
नहीं तो शायद
पता पूछता हुआ
आ जाता स्वयं ही
अच्छी तरह जानता था वह
मैं कितना प्यार
करता था उसको।
बचपन की
प्रतीक्षा करते-करते
मैं हो गया हूँ बढ़ा
अब तो धुँधली भी पड़ने लगी है
उसकी याद, उसका चेहरा
यदि अचानक
वह मिल भी जाए कहीं
तो क्या मैं
पहचान भी सकूँगा उसको
हो गया होगा क्या
मेरी तरह वह भी वयस्क
नहीं, नहीं
भगवान करे
बचपन बचपन ही रहे
भोला, अल्हड़, सुकुमार
क्योंकि जिस दिन
हो जाएगा वह बड़ा
चला जाएगा जीने का मज़ा
हो जाएगा ख़त्म
जीवन का अर्थ।








