पुरुषार्थ - अजय पाठक

Ajay Pathakअजय पाठक14 Jan 1960

5 min read · 12.5K reads

मानवता के आदर्शों का जो सम्मान करें
पुरुष वही जो दानवता का, मर्दन-मान करें।

धरती पर वैसे तो कितने आते हैं, जाते हैं,
बिरले ही अपने जीवन को धन्य बना पाते हैं,
नर होने का अर्थ नहीं है अपयश में खो जाना,
नर तो वह है, दुश्मन मन भी जिसका गुणगान करे।

जीवन का उद्देश्य नहीं है केवल पीना-खाना,
साँसों पर अवलंबित होकर ऐसे ही मर जाना,
धर्म-नीति का अलख जगाते चले निरंतर पथ में,
सच्चा नर है वह जो, पौरुष का अवदान करे।

त्याग, धर्म की राह खड़ी थी कौरव सेना सारी,
किंतु अकेला अर्जुन ही था, उन पुरुषों पर भारी,
दिया सत्य का साथ ईश ने अर्जुन का उस रण में,
नर होने का अर्थ, सत्य का जो संधान करें।

लंका नगरी के उन्नायक अत्याचारी नर थे,
पुरुषोत्तम थे उनके सम्मुख रीछ और वानर थे,
उखड़ गया रावण का पौरुष, आदर्शों के आगे,
ऐसा नर भी क्या जो ताक़त पर अभिमान करे।

मानवता के आदर्शों का जो सम्मान करे,
पुरुष वही जो दानवता का, मर्दन-मान करे।
Ajay Pathak
About the poet

Ajay Pathak अजय पाठक

जन्म- 14 जनवरी 1960, बलिया (उ.प्र.) शिक्षा- विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार विषयों में स्नातक। प्राणी शास्त्र, भारतीय मध्यकालीन इतिहास, हिंदी साहित्य, समाज शास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विषयों में स्नातकोत्तर। मुग़ल कालीन भारत की शिक्षा प्रणाली,…

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like