संगीत-सभा

अजंता देवअजंता देव31 Oct 1958

1 min read · 12.4K reads

 

एक

एक साधारण दृश्य को
एक असाधारण संगीत
दिव्य बना देता है

दो

दिल तोड़ना भी
उतना ही मुश्किल काम है
जितना श्रुति-विच्छेद

तीन

कुछ लोग अनजाने में सही सुर लगा देते हैं
मगर रियाज़ के बाद बेसुरे हो जाते हैं
जैसे तलत महमूद का पंचम

चार

पुरानी बंदिशों में वादी-संवादी का ख़याल रखा जाता था
आज-कल
विवादी सुर तार-सप्तक में गाए जाते हैं

पाँच

गायक के गले की नसों में नीला रक्त दौड़ने लगता है
जब वह तार सप्तक के तीव्र निषाद पर पहुँच कर भी षड्ज को छू नहीं पाता
श्रेष्ठता की इच्छा कई बार कला को युद्ध में बदल देती है

छह

बड़े ख़याल विलंबित लय में ही आते हैं
कुछ उस्ताद अति-विलंबित में भी निभा ले जाते हैं
बाक़ी अक्सर छोटे ख़याल से काम चलाते हैं

सात

राग को पूरी शुद्धता से गाना
और प्यार में सारे संकट को झेलना बहुत भारी काम है
देख-सुन कर ही मंच पर उतरना चाहिए

अजंता देव
About the poet

अजंता देव

सुपरिचित कवयित्री। कविताओं में उपस्थित संगीतात्मक वैभव के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अजंता देव जन्म : 31/10/1958 | जोधपुर, राजस्थान अजंता देव का जन्म जोधपुर के एक प्रवासी बंगाल परिवार में हुआ। उनकी उच्च शिक्षा राजस्‍थान विश्वविद्यालय से पूरी हुई। शास्‍त्रीय संग…

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like