करुणा नहीं, थोड़ा तंबाकू

अजंता देवअजंता देव31 Oct 1958

1 min read · 12.4K reads

सिनेमा के भावुक दृश्य पर वह रोती है एक पल

दूसरे पल चल देती है प्याज़ कतरने

चश्मा रखकर भूल जाती है

मगर धाराप्रवाह सुनाती है 1935 के क़िस्से

काननबाला के ब्लाउज़ का डिज़ाइन

ब्योरेवार बताती है

थोड़ी शर्मिंदा होती है

अपने पिता की स्वामी-भक्ति पर

जो बरतानवी सरकार के मुलाज़िम थे

उसमें दुनिया-जहान की खोज है

अपनी ग़रीबी को लेकर

उसे गर्व है अपने सयाने बच्चों पर

या ख़ुदा! ये माँ है या नटनी

जो चली आई है इतनी दूर

असफल पति और सफल बेटे के बीच

संतुलन रखकर

और अब ज़रा सुस्ता रही है

इसे करुणा नहीं

थोड़ा तंबाकू चाहिए

थकान मिटाने को

अजंता देव
About the poet

अजंता देव

सुपरिचित कवयित्री। कविताओं में उपस्थित संगीतात्मक वैभव के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अजंता देव जन्म : 31/10/1958 | जोधपुर, राजस्थान अजंता देव का जन्म जोधपुर के एक प्रवासी बंगाल परिवार में हुआ। उनकी उच्च शिक्षा राजस्‍थान विश्वविद्यालय से पूरी हुई। शास्‍त्रीय संग…

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like