दोस्त जब दिल सा आश्ना ही नहीं

ऐश देहलवीऐश देहलवी

1 min read · 12.4K reads

दोस्त जब दिल सा आश्ना ही नहीं

अब हमें ग़ैर का गिला ही नहीं

जिस का दिल दर्द-आश्ना ही नहीं

उस के जीने का कुछ मज़ा ही नहीं

एक दम हम से वो जुदा ही नहीं

गर जुदा हो तो वो ख़ुदा ही नहीं

आश्नाई पे उस की मत जाना

ले के दिल फिर वो आश्ना ही नहीं

ख़ाक छानी जहान की लेकिन

दिल-ए-गुम-गश्ता का पता ही नहीं

लाख माशूक़ हैं जहाँ में मगर

आह वो नाज़ वो अदा ही नहीं

सई-ए-बे-फ़ाएदा है चारागरो

मरज़-ए-इश्क़ की दवा ही नहीं

दर्द-ए-दिल उन से हम कहा ही किए

पर उन्हों ने कभी सुना ही नहीं

सर फिराता है क्यूँ अबस नासेह

मेरा कहने में दिल रहा ही नहीं

अब वो आए तो आएँ क्या हासिल

ताक़त-ए-अर्ज़-ए-मुद्दआ ही नहीं

मैं तो क्या गोश-ए-चर्ख़ ने भी 'ऐश'

ऐसा बेदाद-गर सुना ही नहीं

ऐश देहलवी
About the poet

ऐश देहलवी

उपनाम : 'ऐश' मूल नाम : हकीम आग़ा जान जन्म : दिल्ली निधन : 26 Jun 1874 | दिल्ली, भारत

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like