माँ हर रंग के वस्त्र को
तुरंत सिल सकती थी
उसके पास हर रंग के धागे थे
एक धागा
हम सबकी आत्मा के रंग का भी था।
माँ टूटे बटन टाँक देती
और उधड़े कपड़े रफ़ू कर देती
प्रेम के गहरे क्षणों में
कई बार उसने
पिता की आत्मा को भी टाँका है
लेकिन पिता कभी जान नहीं पाए
जानेंगे जब उनकी आत्मा को
टाँकने के लिए माँ नहीं होगी
पिता का कुर्ता कई जगह से उधड़ गया था
धागे निकल आए थे
माँ कहती : लाओ सिल देती हूँ
लेकिन पिता मना कर देते
पिता अपने बुढ़ापे में
ठीक वैसा ही दिखना चाहते थे
जैसी माँ की आत्मा थी।
सालों से माँ
अपने कपड़े
पिता के कपड़ों के साथ
धोती रही है
पिता के कपड़ों पर
बहुत हल्का
माँ के कपड़ों का रंग
चढ़ गया है
बहुत ध्यान से
कभी उनको देखता हूँ
पिता अब कुछ-कुछ माँ दिखते हैं।








