कुछ भी अटल न हो
सत्य की कमर में भी
एक नर्तकी की तरह लोच हो।
मधुमक्खियाँ सुरक्षित रहें छत्तों में।
एक दंश का बदला पूरे कुनबे से न लिया जाए।
आदमी मुक्त हो
लेकिन ख़ुशबू क़ैद रहे फूलों में।
महामहिम ख़ुद साफ़ करें अपने जूते।
वे जो प्रेम करते हैं
और कविताएँ लिखते हैं
उन्हें थोड़ा दुःख मिले।
प्रेम के शीर्ष पर
जीवन उतार दे
सौंदर्य की केंचुली।
प्रेमी के हिस्से का सौंदर्य
उस वेश्या को मिले
जो जवानी में दिखने लगी है बूढ़ी।
उल्लू की एक आँख में मोतिया हो।
हमेशा रहे चिड़िया की रगों में बिल्ली का भय।
कोई धातु इतनी मज़बूत न बने
कि युद्ध में बंदूक़ें जाम न हों।
वे जो कीचड़ में कमलवत् हैं
उन्हें ऐसे भँवर में फसाया जाए
कि कीचड़ में गिरते-गिरते बचें।
अमन के लिए इतना ही लड़ा जाए
कि वह बद-अमनी से ज़्यादा ख़तरनाक न लगे।








