आख़िरी स्त्री

अहर्निश सागरअहर्निश सागर

1 min read · 12.4K reads

एक स्वप्न में पुल पार करता हूँ

दो क़दम आगे चलता हूँ

पुल पीछे दो क़दम ढह जाता है

पुल पार होते ही

पूरा नदी में ढह जाता है

एक उम्र में जब स्त्रियों को देखता हूँ

तो लगता है

स्त्रियाँ कभी बूढ़ी नहीं होतीं

वे पुल बन जाती हैं

हम उन्हें पार करते हैं

और वे समय की नदी में ढह जाती हैं

बच्चे बग़ीचों में झूलों पर झूलते हैं

सहसा कहीं से पिता की आवाज़ सुनाई पड़ती है

वे दौड़कर पिता के पास चले जाते हैं

ख़ाली झूला बग़ीचे के एकांत में झूलता रहता है

घर की बुज़ुर्ग स्त्री

घर के एक कोने में माला जपते हुए

आगे-पीछे झूल रही है

कहीं से पिता की आवाज़ आई होगी

कुछ था जो दौड़ता हुआ

पिता के पास चला गया

और उस स्त्री की देह

संसार के बग़ीचे में झूलती हुई छूट गई

झूले भी हवा में बना पुल होते हैं

जो नीरवता के दो अज्ञात किनारों को छूते हैं

जब वे ठहर जाते हैं

वे ढह जाते हैं

आख़िरी स्त्री जो हमारा पुल बनती हैं

पार करने की उकताहट से भर चुका मैं

उसे पार नहीं करूँगा

उसके साथ ढह जाऊँगा।

अहर्निश सागर
About the poet

अहर्निश सागर

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like