वही बचेगा

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

बचेगा वही

जो रचेगा

ईश्वर की तरह नहीं

मनुष्य की तरह

पत्थर बींधते

चाक घुमाते

क़लम चलाते

उगाते धान

पालते हुए गर्भ में

एक नया प्राण

बचेगा—

कल्पनाओं में नहीं

स्मृतियों में

किंवदंतियों में नहीं

मानव-गान में

बचेगा लेकिन

बचता-बचाता हुआ

रोटी कमाता हुआ

ताँगे दौड़ाता हुआ

पहिया घुमाता हुआ

विधाता की तरह

दीर्घकाय भवनों के ख़ाली कमरों में

या शिलाओं की निष्प्राण भीड़ में नहीं

आदमियों के बीच

आदमियों के साथ

आदमियों की-सी ऊँचाई पर

रचता रहेगा

बचता रहेगा।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like