ना-अह्ल को मसनद से उठा क्यों न दिया जाए - ज़िया ज़मीर

ज़िया ज़मीरज़िया ज़मीर7 Sept 1977

3 min read · 12.4K reads

ना-अह्ल को मसनद से उठा क्यों न दिया जाए
यह तख़्त किसी रोज़ हिला क्यों न दिया जाए

मौक़ा है तो फिर क्यों नहीं ली जाएँ दुआएँ
मज़दूर का हक़ उसको दिला क्यों न दिया जाए

सुनते हैं कि उस शोख़ की यह राह गुज़र है
इस राह पे पलकों को बिछा क्यों न दिया जाए

ये लोग जो फुटपाथ पे ग़मगीन पड़े हैं
इन दर्द के मारों को हँसा क्यों न दिया जाए

जब और किसी दिल में मकीं हो गया वो शख़्स
उस शख़्स को फिर दिल से भुला क्यों न दिया जाए

लफ़्ज़ों को बरतने का हुनर जिससे मिला है
वो ज़ख़्म ज़माने को दिखा क्यों न दिया जाए
ज़िया ज़मीर
About the poet

ज़िया ज़मीर

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like