नूर ये किस का बसा है मुझ में - ज़क़ी तारिक़

ज़क़ी तारिक़ज़क़ी तारिक़

3 min read · 12.4K reads

 नूर ये किस का बसा है मुझ में
 रौशनी हद से सिवा है मुझ में

 हर्फ़-ए-हक़ की सी सदा है मुझ में
 कौन ये बोल रहा है मुझ में

 किस ने दस्तक दर-ए-दिल पर दी है
 शोर ये कैसा बपा है मुझ में

 रोज़ सुनता हूँ मैं हँसने की सदा
 कौन ये मेरे सिवा है मुझ में

 क्या मिलेगी मेरे फ़न की मुझे दाद
 कुछ ज़्यादा ही अना है मुझ में

 मुस्तक़िल एक खटक रूह में है
 ख़ार बन कर वो चुभा है मुझ में

 आप तस्लीम करें या न करें
 आप सा कोई बसा है मुझ में

 मेरा हम-ज़ाद है तारिक़ साहब
 जो ज़की बन के छुपा है मुझ में
ज़क़ी तारिक़
About the poet

ज़क़ी तारिक़

View profile & all 9 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like