कोसने की लंबी फ़ेहरिस्त
और मन्नतों की आपसी जंग का बोझ लिए
समय घूम रहा है
चीथड़ों में यह पयाम है
कि युगों से यात्रा में हैं लोग
फिर भी सही जगह नहीं पहुँच पाते
उसकी आँसुओं की नमी से
मंदिर की दीवार मसक गई
अरमान के कमल
बिना पानी के सूख गए
सोग अब शब्द भर नहीं है
नड़ोया की लड़ी बन
जंगली बेलों-सी फैल रही है
जंगल दफ़्न हो रहे हैं
इंसानों को दफ़्न करने के लिए
प्रार्थना है
कि या ख़ुदा तेरा मन्नत-गुज़ार रहूँ
सौ द्वार भले ही बंद हो जाए
पर एक दरवाज़ा खुला रहे








