‘कि’-‘सान’

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

भाषा से पहले था वह

पर बालियों की भाषा भी बुनी उसी ने

और फिर लरज उठा

सपनों का गीत-संगीत

अलहदा रहा वह जो ओस से बुनता रहा सुबह

जबकि नमकीन ओस उसकी पीठ से उग

दहकते सीने का ईंधन बनाती रही

और यूँ हिम-बिंदु से नीचे उतरकर

प्रेम करना सीख लिया उसने

युग बीता और भूख का डंक

अपना दायरा बढ़ाता रहा

और वह है कि सपनों की चाह में

धरती के हर उस हिस्से को खोदता रहा

जिसमें बची रही जिजीविषा

आज शब्द की लुकाछिपी

कुछ ऐसी है

कि मैं लिखना चाहता हूँ प्रजातंत्र

और वह राजतंत्र में बदल जाता है

अब देखता हूँ जहाँ लिखा है किसान

वहाँ मज़दूर उभरने लगते हैं

आज भी वही युगों पुरानी कुल्हाड़ी

अपनी सान तेज़ कर रही है

और विडंबना यह है

अधकटा ‘कि’ प्रश्नचिह्न बरगद से लटक रहा है

ज़मीन पर छटपटाता है

सत्य के साथ ब्रह्मराक्षस

और भोथराया थका ‘सान’ देख

समय मुस्कुरा रहा है।

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories