कहाँ तक ऐ सितमगर चर्ख़ तदबीरें ग़ुलामी की
कि अब बार-ए-गराँ है दिल को ज़ंजीरें ग़ुलामी की
सबक़ देती हैं आज़ादी का तासीरें ग़ुलामी की
ज़बान-ए-हाल से कहती हैं तस्वीरें ग़ुलामी की
हम अपना मुल्क अपना तख़्त अपना ताज ले लेंगे
कहे देते हैं हम इस साल में स्वराज ले लेंगे
रहेगी एक क़ौम-ए-ग़ैर कब तक हुक्मराँ हम पर
कहाँ तक होंगी गूना-गूँ सितम-आराईयाँ हम पर
रहें ख़ुश क़ैद में हम और हँसे सारा जहाँ हम पर
सुना अब आप ख़ुश हों या ख़फ़ा हों मेहरबाँ हम पर
हम अपना मुल्क अपना तख़्त अपना ताज ले लेंगे
कहे देते हैं हम इस साल में स्वराज ले लेंगे
बहुत दिन तक उठाए नाज़-ए-बे-बजा आप के हम ने
कलेजा अब तो छलनी कर दिया है ख़ंजर-ए-ग़म ने
हुई बेदार दुनिया करवटें बदली हैं आलम ने
उठाया है ये बेड़ा अब हमारी क़ौम-ए-बे-दम ने
हम अपना मुल्क अपना तख़्त अपना ताज ले लेंगे
कहे देते हैं हम इस साल में स्वराज ले लेंगे
हमारा मुल्क है इस की हुकूमत हक़ हमारा है
बताओ तो यहाँ पर कौन सा हिस्सा तुम्हारा है
कि आज़ादी की ख़ातिर हम को हर ईज़ा गवारा है
ख़ुदा के फ़ज़्ल से रिफ़अत पे क़िस्मत का सितारा है
हम अपना मुल्क अपना तख़्त अपना ताज ले लेंगे
कहे देते हैं हम इस साल में स्वराज ले लेंगे
ये सब आज़ाद हैं अब रंग-ए-आज़ादी दिखाएँगे
कि अब हिन्दोस्ताँ वाले फ़रेबों में न आएँगे
मरेंगे जान देंगे ग़म सहेंगे जेल जाएँगे
मगर ऐ 'ज़ाहिदा' अब जश्न-ए-आज़ादी मनाएँगे
हम अपना मुल्क अपना तख़्त अपना ताज ले लेंगे
कहे देते हैं हम इस साल में स्वराज ले लेंगे








