प्रेम पर

उपांशुउपांशु

1 min read · 12.4K reads

खिंचती है

नाख़ून से मेरी

पीठ पर

आकृति

नग्नता

पलकों से ढकी हुई

वक्षस्थल में कंपन का एहसास है

निरर्थक

शब्दों की तरह

इस वक़्त जब

गलियों में उलझे हुए मकानों की पहली उबासी

छतों पर प्रकाश में उभरती है

दीवारों का आलिंगन करती शाखाएँ

अँगड़ाई में करियाए ईंटों पर ओस पोंछती है

ढके होते हैं

शरीरों से प्रेमी

हमारी तरह

चर्म की सीमाओं पर

क्षितिज थामने की लालसा में

लिपटते हैं होंठ

होंठों पर

जिह्वा से

दाँतों पर

शाख़ों पर घुटती पत्तियों में

हवा की सरसराहट से

रात भर की ठंडक

ओस से गीली दीवारें महसूस करती हैं

आहों में सूखते हैं होंठ

और व्याकुल प्रेमी छिप जाते हैं

नग्नता के आवरण में

शब्दों-सी अकर्मकता से बोझिल मन प्रेम जैसा हृदयविदारक

कुछ स्पंदन में छोड़ जाना चाहता है दूसरे की रूह में

और पाता है चर्म

जिस पर प्रेम निर्जीव

दीवारों पर सूखती ओस

जैसा भाप भी हो न सका

उपांशु
About the poet

उपांशु

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। मूल नाम : उपांशु जन्म : पटना, बिहार

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like