गाड़ी पहुँची मुज़फ़्फ़रनगर
तो झाँकने लगा खिड़की से मैं
देखने लगा मुज़फ़्फ़रनगर
ढूँढ़ने लगा वही मुज़फ़्फ़रनगर
ढूँढ़ रहा था मुज़फ़्फ़रनगर
तो सो रहा था मुज़फ़्फ़रनगर
हाँफ रहा था मुज़फ़्फ़रनगर
सुस्ता रहा था मुज़फ़्फ़रनगर
लेकिन जगे थे वहाँ के बच्चे
मुज़फ़्फ़रनगर के बच्चे
बच्चों की चहलक़दमी और शोर से भरा था मुज़फ़्फ़रनगर
मैंने दूर खेल रहे बच्चे को
इशारे से पास बुलाकर पूछा क्या यही है मुज़फ़्फ़रनगर
उसने एक क्षण को घूरा मुझे और पूरा ज़ोर लगाकर कहा
इंशाअल्लाह! हाँ यही है मुज़फ़्फ़रनगर
और फिर भागते हुए उसने
रेलवे ट्रैक से एक पत्थर उठाकर दम लगाकर
फेंक दिया दूर
और इस तरह इतने दिनों बाद एक बार फिर से
मेरे सीने में सुलग उठा मुज़फ़्फ़रनगर।








