अपने कमरे में बदलते रहने का सुख ही संसार था। अचानक बैठे हुए यह सोच
निकलना कि मैं इस कमरे में बैठी वह लड़की हूँ जिसे कमरे के उस ओर से मेरे
आने का इंतज़ार है, और हल्का-सा यह डर भी कि वह मुझसे यह कह सकता
है कि मैं तुम्हें छूना चाहता हूँ, कि इतने सालों बाद मेरे कमरे में पहली बार कोई
आया है, तुम्हारी जैसे ख़ूबसूरत लड़की। तुम्हें शायद पता नहीं कि यह खिड़की
बंद क्यों है, सुनो, सुनो, वह आवाज़, क्या तुम्हें कुछ याद आया।
वह तुम्हारे मरने के बाद मेरे रोने की आवाज़ है जो आज अनायास ही मेरी खिड़की
के उस पार ओस की तरह निःशब्द झरती चली जा रही है।








