हम हैं ताना, हम हैं बाना।
हमीं चदरिया, हमीं जुलाहा, हमीं गजी, हम थाना॥ हम हैं ताना...॥
नाद हमीं, अनुनाद हमीं, निःशब्द हमीं गंभीरा,
अंधकार हम, चाँद-सुरज हम, हम कान्हा हम मीरा।
हमीं अकेले, हमीं दुकेले, हम चुग्गा, हम दाना॥ हम हैं ताना...॥
मंदिर-महजिद, हम गुरुद्वारा, हम मठ, हम बैरागी
हमीं पुजारी, हमीं देवता, हम कीर्तन, हम रागी।
आखत-रोली, अलख-भभूती, रूप धरें हम नाना॥ हम हैं ताना...॥
मूल-फूल हम, रुत बादल हम, हम माटी, हम पानी
हमीं जहूदी-शेख़-बरहमन, हरिजन हम ख्रिस्तानी।
पीर-अघोरी, सिद्ध-औलिया, हमीं पेट, हम खाना॥ हम हैं ताना...॥
नाम-पता, ना ठौर-ठिकाना, जात-धरम ना कोई
मुलक-ख़ल्क़, राजा-परजा हम, हम बेलन, हम लोई।
हम ही दुलहा, हमीं बराती, हम फूँका, हम छाना॥ हम हैं ताना...॥








