गार्हस्थ्य

तिरुवल्लुवरतिरुवल्लुवर

1 min read · 12.4K reads

41

धर्मशील जो आश्रमी, गृही छोड़ कर तीन।

स्थिर आश्रयदाता रहा, उनको गृही अदीन॥

42

उनका रक्षक है गृही, जो होते हैं दीन।

जो अनाथ हैं, और जो, मृतजन आश्रयहीन॥

43

पितर देव फिर अतिथि जन, बंधु स्वयं मिल पाँच।

इनके प्रति कर्तव्य का, भरण धर्म है साँच॥

44

पापभीरु हो धन कमा, बाँट यथोचित अंश।

जो भोगे उस पुरुष का, नष्ट न होगा वंश॥

45

प्रेम-युक्त गार्हस्थ्य हो, तथा धर्म से पूर्ण।

तो समझो वह धन्य है, तथा सुफल से पूर्ण॥

46

धर्म मार्ग पर यदि गृही, चलाएगा निज धर्म।

ग्रहण करे वह किसलिए, फिर अपराश्रम धर्म॥

47

भरण गृहस्थी धर्म का, जो भी करे गृहस्थ।

साधकगण के मध्य वह, होता है अग्रस्थ॥

48

अच्युत रह निज धर्म पर, सबको चला सुराह।

क्षमाशील गार्हस्थ्य है, तापस्य से अचाह॥

49

जीवन ही गार्हस्थ्य का, कहलाता है धर्म।

अच्छा हो यदि वह बना, जन-निंदा बिन धर्म॥

50

इस जग में है जो गृही, धर्मनिष्ठ मतिमान।

देवगणों में स्वर्ग के, पावेगा सम्मान॥

तिरुवल्लुवर
About the poet

तिरुवल्लुवर

समादृत और अत्यंत लोकप्रिय प्राचीन तमिल संत कवि-दार्शनिक। संगम साहित्य में योगदान।

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like