मैं दुख से शृंगार करूँगी।
जीवन में जो थोड़ा सुख है,
मृग-जल है, उसमें भी दुख है,
छली गई बहु बार जगत में
फिर क्यों अपनी हार करूँगी?
मैं दुख से शृंगार करूँगी!
दुखियों के आँसू ले लेकर,
अपने गीले आँचल में धर,
जग कर निशि में उन्हें गूँथ मैं,
तारों से व्यापार करूँगी!
दुख से शृंगार करूँगी!
मैंने प्राणों में दुख पाला,
नशा करेगा क्या मधु प्याला?
प्रति पल जीवन में हँस-हँस मैं,
मृत्यु संग अभिसार करूँगी।
मैं दुख से शृंगार करूँगी!
सुख-दुख दोनों ही आवेंगे,
क्रम-क्रम से छवि दिखलावेंगे,
इस भिक्षुक जग को सुख देकर
दुख के सुख को प्यार करूँगी।
मैं दुख से शृंगार करूँगी!








