सखि, जागो अब हुआ सवेरा!
विहगों का कलरव सुन पड़ता
प्राणों में नव-जीवन भरता
लाल रंग से चित्र बनाता
प्राची में वह प्रातः चितेरा!
वन-उपवन में कलियाँ हँसकर
कहती हैं प्राणों में मधु भर
निखिल विश्व अलि; सुंदर सुखमय
बरस रहा है; प्रेम सवेरा!
कैसी बातें करतीं भोली
यह केवल दो दिन की होली
मधु से रीता होगा जब उर
दीखेगा जब जगत अँधेरा!
क्या होगा मधु-मधु कहने से
मिथ्या भ्रम में नित रहने से
अरुणोदय में हँस उठ तू भी
बीती रजनी हुआ सवेरा!








