ग़म के साँचे में ढलती रही 'सोनिया'
फिर भी चुप-चाप चलती रही 'सोनिया'
अपने पुरखों की दहलीज़ पर रात दिन
इक दिया बन के जलती रही 'सोनिया'
अज़्म-ओ-हिम्मत से काँटों पे चलते हुए
अपनी क़िस्मत बदलती रही 'सोनिया'
हार कर लोग आगे निकलते रहे
जीत कर हाथ मलती रही 'सोनिया'
हर क़दम पर क़दम डगमगाते रहे
फिर भी अक्सर सँभलती रही 'सोनिया'
अक्स का अक्स था अक्स के सामने
जिस के दिल में मचलती रही 'सोनिया'








