तुम्हारे बा'द - नज़्म

सिया सचदेवसिया सचदेव6 Sept 1970

1 min read · 12.4K reads

तुम्हारे बा'द अजब कश्मकश में रहती हूँ

मैं क्या बताऊँ के जो तल्ख़ियाँ मैं सहती हूँ

निज़ाम-ए-ज़िंदगी बदला हुआ सा लगता है

कि लम्हा लम्हा मुझे बद-दुआ' सा लगता है

वो लोग जिन के लिए मैं कभी मुबारक थी

अब उन के वास्ते मैं एक फ़ेल-ए-बद जैसी

के ख़ुद पे भी मुझे कुछ हक़ नहीं रहा जैसे

हँसी-ख़ुशी का ज़माना बिछड़ गया जैसे

अकेला-पन भी हिक़ारत से देखता है मुझे

जिसे भी देखिए हैरत से देखता है मुझे

की जैसे हक़ ही नहीं कोई मुझ को जीने का

किसी को ज़ख़्म नहीं दिख रहा है सीने का

मिरे वजूद में तन्हाई कैसी गूँजी है

उदासियाँ ही तिरे बा'द मेरी पूँजी है

ये मेरी बेवगी कोई गुनाह हो जैसे

हर इक निगाह मुझे देखती है अब ऐसे

के जैसे हाथ में मेरे मिरा मुक़द्दर था

वो सानेहा भी कोई जैसे जुर्म था मेरा

क्या मेरा नाता भी कोई समाज से न रहा

क्या मेरा वास्ता रस्म-ओ-रिवाज से न रहा

मिरा वजूद ही ख़ुद मुझ पे तंज़ करता है

ये मेरा साया भी क्यूँ आज मुझ से डरता है

मिरा हर अपना भी मनहूस कह रहा है मुझे

मिरे इस हाल का शायद ही कुछ पता हो तुझे

सिया सचदेव
About the poet

सिया सचदेव

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like