तसव्वुर टूट जाता है - नज़्म

सिया सचदेवसिया सचदेव6 Sept 1970

2 min read · 12.4K reads

सभी को यूँ तो दुनिया में

हज़ारों लोग मिलते है

मगर इस भीड़ में मुझ को

नज़र तुम ही नहीं आते

तुम्हें मैं ढूँडती फिरती हूँ

सहराओं में गुलशन में

चमन में और बयाबाँ में

जहाँ तक रौशनी सूरज की पहूँची है

वहाँ तक भी

जहाँ तक फ़िक्र की पर्वाज़ पहुँची है

वहाँ तक भी

तुम्हें ढूँडा

नदी के पानियों की उन रवाँ लहरों में

तुम हो क्या

न जाने क्यूँ मुझे अक्सर यही एहसास होता है

ज़मीं से ता-फ़लक नज़रों में इक इक पल

तुम्हें ढूँढा

तुम्हें ढूँढा तमन्नाओं के

उन गुस्ताख़ लम्हों में

संजोया है जिन्हें दिल के निहाँ खानों में

ख़ूद मैं ने

मगर अफ़्सोस होता है

तुम्हें पाने की हसरत में

मैं ख़ुद को ही गँवा बैठी

मगर तुम मिल नहीं पाए

कभी तो आ के धीरे से मिरी वीरान आँखों में

कोई इक दिल-नशीं सा ख़्वाब बन कर ही समा जाओ

कभी तो हौले हौले से मिरी बे-रब्त साँसों में

नई ख़ुश्बू बनो और रूह में तहलील हो जाओ

किसी दिन यूँ अचानक से

मुझे आ कर ये समझाओ

ये कैसा हाल कर बैठी

ये चेहरा ज़र्द सा क्यूँ है

ये चेहरे से उलझते गेसुओं की ज़िंदगी कैसी

अगर बे-नूर हैं आँखे तो कोई रौशनी कैसी

कभी मैं खिलखिलाती थी किसी मा'सूम बच्चे सी

हमेशा मुस्कुराती थी कभी ग़ुंचा-दहन जैसी

जो मेरी जान था कल तक

वो ख़ुद ग़ाफ़िल हुआ शायद

कभी तो कह दे वो आ कर

तिरे बिन जी नहीं सकता

इसी उम्मीद में अक्सर बिखर कर टूट जाती हूँ

नहीं था जिस्म से मतलब

मुझे थी रूह से निस्बत

नज़र आता नहीं कोई

कहीं पर भी तिरे जैसा

तसव्वुर जब ख़यालों में

तिरी सूरत बनाता है

वो सूरत देखती हूँ मैं

न उस में रंग है तेरा

न तेरे जिस्म की ख़ुश्बू

तसव्वुर तो फ़क़त इक अक्स है

मुबहम ख़यालों का

जो अक्सर टूट जाता है

मैं बेबस देखती रहती हूँ

झूठे आबगीनों को

जो अक्सर फूट जाते हैं

फ़लक से कहकशाँ बन कर

सितारे टूट जाते हैं

सिया सचदेव
About the poet

सिया सचदेव

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like