ना-साज़गार हालात - नज़्म

सिया सचदेवसिया सचदेव6 Sept 1970

1 min read · 12.4K reads

तन पे ओढ़े हुए चादर ग़म-ए-तन्हाई की

आज बीमार मैं बिस्तर पे पड़ी सोचती हूँ

हाल ना-साज़ है मेरा ये बताऊँ किस को

अपनी तकलीफ़ परेशानी सुनाऊँ किस को

जब सहा जाता नहीं दर्द तो उठ जाती हूँ

और फिर उठ के दवा ज़हर सी मैं खाती हूँ

कोई हमदर्द तो होता कहीं नज़दीक मेरे

देख कर दर्द मिरा वो भी परेशाँ होता

हाथ से अपने दवा देता सहारा देता

यूँ न घबराओ मुझे कह के दिलासा देता

ठीक हो जाओगी अपने को सँभालो थोड़ा

और इसरार ये करता चलो खा लो थोड़ा

इस ज़माने में हुई किस की तमन्ना पूरी

कौन बद-हाल की समझा है यहाँ मजबूरी

सिया सचदेव
About the poet

सिया सचदेव

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like