इबादतों को मिरी रतजगा समझता है

सीमा शर्मा मेरठीसीमा शर्मा मेरठी

1 min read · 12.4K reads

इबादतों को मिरी रतजगा समझता है

वो सच्चे प्यार को भी फ़ल्सफ़ा समझता है

मैं उस को दिल से ग़ज़ल की रदीफ़ मानती हूँ

मुझे वो शे'र का इक क़ाफ़िया समझता है

तुम्हें तो सिर्फ़ ये ख़्वाहिश कि रात रौशन हो

है कर्ब जलने का ये बस दिया समझता है

मैं अपने ग़म को छुपा कर जो थोड़ा हँसती हूँ

वो ना-समझ इसे मेरी अदा समझता है

हमारी रूह पे महके हैं फूल ज़ख़्मों के

ज़माना जिन को गुलों की क़बा समझता है

दिखाई देते हैं संजीदगी के नक़्श-ओ-निगार

हमारी शोख़ियाँ कब आइना समझता है

क़दम क़दम पे बिछाता है ठोकरें 'सीमा'

थकान पाँव की कब रास्ता समझता है

सीमा शर्मा मेरठी
About the poet

सीमा शर्मा मेरठी

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like