मेरे ख़तों को जलाने से कुछ नहीं होगा

सीमा शर्मा मेरठीसीमा शर्मा मेरठी

1 min read · 12.4K reads

मेरे ख़तों को जलाने से कुछ नहीं होगा

हवा में राख उड़ाने से कुछ नहीं होगा

समझने वाले तो दिल की ज़बाँ समझते हैं

मोहब्बतों को जताने से कुछ नहीं होगा

सितम-ज़रीफ़ी रही वक़्त की जो दिल टूटा

किसी पे दोश लगाने से कुछ नहीं होगा

नई उड़ान की ख़ातिर परों को तोल ज़रा

क़फ़स में शोर मचाने से कुछ नहीं होगा

कोई तो तीर निशाने पे ठीक से पहुँचे

हवा में तीर चलाने से कुछ नहीं होगा

नए गुलों को खिलाओ दिल-ए-ज़मीन पे तुम

दिल ये कबाब बनाने से कुछ नहीं होगा

नई उमीद नए रास्ते तलाश करो

हमेशा मर्सिया गाने से कुछ नहीं होगा

बदन से रूह निकल भी चुकी है अब हमदम

फ़ुज़ूल अश्क बहाने से कुछ नहीं होगा

ज़बाँ से बात कई सच निकल गई हो गर

बहाने लाख बनाने से कुछ नहीं होगा

तुम्हारे जाने से पत्थर में ढल चुकी 'सीमा'

तुम्हारे लौट के आने से कुछ नहीं होगा

सीमा शर्मा मेरठी
About the poet

सीमा शर्मा मेरठी

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like