शिकायत है चश्मे को
कि आज तक उस पर नहीं लिखी कोई कविता
जबकि उसी की वजह से बची हुई है साफ़ निगाह
और तमीज़ भी
कि फ़र्क़ महसूस हो अँधेरे-उजाले की संधि का
जूते भी मुँह फुलाए पड़े हैं कोने में
जैसे कि जता रहे हों एहसान
कि देखो नहीं बिगड़ने दी कभी चाल
सधापन बनाए रखा हर क़दम में
जिसे कि अकड़ समझा गया प्रायः
पर नहीं फूटी
एक भी सार्थक काव्य-पंक्ति
पाँवों के आदिम रखवालों की प्रशंसा में
आईने को शिकायत है
कि बन सँवर कर आता हूँ उसके सामने
चेहरे पर मलता हूँ तरह-तरह के अवलेह
बालों लगाता हूँ रंग-बिरंगा ख़िज़ाब
वह हर बार सच कहने में कर जाता है संकोच
और कविता हर बार रह जाती है अव्यक्त
किताबें उकता गई हैं ज्ञान की बहुतायत से
कसमसा रहे हैं शब्द वाक्य और अनुच्छेद
उन्हें शिकायत है कि कहा जाता है कुछ
और आशय निकलता है कुछ अन्य
कोई तुकबंदी की लाज रखने के लिए भी नहीं पूछता
कि यह कैसी घड़ी है यह कैसा दौर
शिकायतों की लंबी होती जा रही है क़तार
भाषा की क्रीड़ा पर सट्टा लगा रहे हैं समझदार
निरर्थकता की पिनक में डूबा हुआ है शब्दकोश
दिनोंदिन सँकरी होती जा रही है कविता की गली
और मुझे कोई कष्ट नहीं
कोई शिकायत नहीं अपने कवि से
जो कि आए दिन लगाए जा रहा है कविताओं का अंबार।








