चैत

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

2 min read · 12.4K reads

यह कोयल के बहकने का समय है
और महुए के महकने का

माँ इन्ही दिनों को रुक्खर दिन कहती थी
और पिता इन्हीं दिनों में
हो जाया करते थे उदास
अनायास

अब कहाँ बचीं अमराइयाँ
जहाँ लुकाछिपी खेल सके कोयल
जो सोए हुए पिया को जगा देती थी आधी रात
अब कहाँ पुरखों की काया सदृश महुआ के वे बलिष्ठ पेड़
जिनसे प्यार की तरह टपकते थे स्वर्णिम फूल
और ललित निबंधकार गद्य में कविता रचते हुए पूछता था—
कौन तू फुलवा बीननहारी!

अब इसी दुनिया में एक दुनिया है कविताओं की
जिसमें दर्ज हैं कोयल और महुए की निशानदेहियाँ असंख्य
यह मतिभ्रम है या कि कुछ और
कि अनिद्रा के शाप से ग्रस्त रातों में
अक्सर सुनाई देते हैं ढोलक और झाल के लहरीले स्वर

दीवार पर ठिठका कैलेंडर
कह रहा है कि चैत नहीं यह मार्च है
वित्त वर्ष का आख़िरी मास
भले मानुष मत बहको कोयल और महुए की संगति में
याद रहे इसी महीने निपटाना है आयकर का हिसाब-किताब

फिर भी, इतनी आसानी से
कहाँ उतरने वाला है महुए का नशा और चैत का खुमार!

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like