भरोसा

Sherjang GargSherjang Garg29 May 1937

1 min read · 12.6K reads


पिघल कर ही रहेगा एक दिन पत्थर,
दृगों के नीर पर इतना भरोसा है!

लिए अरमान दिल में बढ़ चली नौका
मगर तूफान ने मंझधार में टोका
मिलन ऐसी घड़ी में भी नहीं मुश्किल
तरी को तीर पर इतना भरोसा है!

मिलन की जिं़दगी से दूर हैं दोनों
विरह की वेदना में चूर हैं दोनों
हृदय जिससे बंधे हें दो, न टूटेगी
प्रणय-जंजीर पर इतना भरोसा है!

करों में मैं उठाये एक मूरत हँू
कि फिर फिर देख लेता मुग्ध सूरत हूँ
कहूँ तो चित्र में भी प्राण आ जायें
मुझे तस्वीर पर इतना भरोसा है।

सदा संघर्ष करता हूँ मुसीबत में,
हज़ारों आफ़तों की क्रूर हरकत में,
अजी, तक़दीर खुद ही मुस्करायेगी,
मुझे तदबीर पर इतना भरोसा है!

 

Sherjang Garg
About the poet

Sherjang Garg

डॉ0 गर्ग का जन्म 29 मई, 1937 को देहरादून (उत्तराखंड) में हुआ था. वे हिंदी के कवि, व्यंगकार, आलोचक थे. डॉ. शेरजंग की हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में प्रसिद्धि इनके शोध प्रबंध 'स्वातंत्र्योत्तर हिंदी कविता में व्यंग्य' के कारण विशेष रूप से है। इस ग्रंथ को हिंदी ह…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like