दुख की अधीर बदली छितरा गई गगन से

Sherjang GargSherjang Garg29 May 1937

1 min read · 12.7K reads

दुख की अधीर बदली छितरा गई गगन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।

ये प्राण बेसहारे
संकेत पर तुम्हारे
कुछ कह गए अधर से, कुछ कह गए नयन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।

मृदु प्यार में युगों से
पाले हुए भरोसे
फिर होड़ ले रहे हैं हर सृष्टि के सृजन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।

हर सांस का नयापन
विश्वास का नयापन
कहता महक-महक जा बहके हुए पवन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।

कुछ इस तरह दशा है
छाया हुआ नशा है
ज्यों मुक्ति मिल गई हो नवसत्य को सपन से ।
तुम मिल गए किरण से, हम खिल गए सुमन से ।

Sherjang Garg
About the poet

Sherjang Garg

डॉ0 गर्ग का जन्म 29 मई, 1937 को देहरादून (उत्तराखंड) में हुआ था. वे हिंदी के कवि, व्यंगकार, आलोचक थे. डॉ. शेरजंग की हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में प्रसिद्धि इनके शोध प्रबंध 'स्वातंत्र्योत्तर हिंदी कविता में व्यंग्य' के कारण विशेष रूप से है। इस ग्रंथ को हिंदी ह…

View profile & all 24 Poems / Stories