किसी ने रक्खा था रूम कूलर किसी ने वाशिंग मशीन रक्खी
किसी ने पुख़्ता अहाते में कुछ बचा के कच्ची ज़मीन रक्खी
पुरानी मेज़ें वो एक कुर्सी कि जिस का टूटा हुआ था बाज़ू
कई खिलौने जो धूप बारिश को अब मुयस्सर थे फ़ुर्सतों से
तो कितने बच्चों का बचपना भी पुराना हो कर वहीं पड़ा था
कहीं तो गमलों की कोख सूनी
दुहाई देती सुनाई दी थी
कहीं दरख़्तों की छाँव छत से मुझे तो लिपटी दिखाई दी थी
जो पिछली दीवार से लरज़ के वो चारपाई लगी खड़ी थी
वो यूँही सर्दी की धूप आने तलक यहाँ बस खड़ी रहेगी
कई घरों की छतों पे माज़ी भुला के बैठा था हाल अपना
बहुत ज़रूरी है इक अहाता कि हम भी रख दें मलाल अपना








