दर्द-ए-दिल अपना सुनाना चाहिए
हँसने वालों को रुलाना चाहिए
कू-ए-क़ातिल में जो होनी हो सो हो
बे-तकल्लुफ़ आना जाना चाहिए
तेग़-ए-अबरू के शहीदों के लिए
आख़िरी ख़िलअत शहाना चाहिए
गर क़दम रखना है कू-ए-यार में
ज़िंदगी से हाथ उठाना चाहिए
क्या कहूँ बेदर्दी-ए-सय्याद-ए-इश्क़
उस के फंदे में न आना चाहिए
हम जो बैठें तो कहाँ जुज़ कू-ए-दोस्त
कोई अपना भी ठिकाना चाहिए
रंज दे कर ख़ुश नहीं रहता कोई
क्यों किसी का दिल दुखाना चाहिए
क़िस्सा-ए-फ़रहाद-ओ-मजनूँ हो जहाँ
कुछ तो अपना भी फ़साना चाहिए
देखना है गर बहार-ए-बाग़-ए-इश्क़
ख़ून के आँसू बहाना चाहिए
यार के दर की है छानी जिस ने ख़ाक
उस को सर पर ख़ाक उड़ाना चाहिए
जाग के क्यों सो गए फिर ऐ 'हक़ीर'
क्या तुम्हें हर दम जगाना चाहिए








